News Galaxy

नगर निगम देहरादून के निवर्तमान मेयर की उदासीनता और भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी देहरादून की स्मार्ट सिटीःनवीन जोशी

देहरादून। (28 सितम्बर) कांग्रेस महामंत्री नवीन जोशी के नेतृत्व में चल रहे जनसंवाद से जनसमर्थन कार्यक्रम के तहत आज रायपुर विधानसभा क्षेत्र के 6 नम्बर पुलिया क्षेत्र में स्थानीय कार्यकर्ताओं की बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें वक्ताओं ने स्थानीय जनता से आगामी नगर निगम मेयर चुनाव में कांग्रेस पार्टी के पक्ष में भारी समर्थन की अपील की।

बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रदेश महामंत्री नवीन जोशी ने कहा कि देहरादून नगर निगम के निवर्तमान मेयर अपने पूरे कार्यकाल में जनहित के कार्यों के प्रति उदासीन बने रहे। उनके कार्यकाल में हुए भारी भ्रष्टाचार की कीमत आज देहरादून नगर की जनता को चुकानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि आधे-अधूरे निर्माण कार्य आज जनता के जी का जंजाल बन चुके हैं। सड़कें व नालियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो रखी हैं तथा जरा सी बरसात होने पर गन्दा पानी लोगों के घरों में घुस रहा है। उन्होंने कहा कि देहरादून नगर निगम के निवर्तमान मेयर ने अपने कार्यकाल में जनसमस्याओं की पूरी तरह अनदेखी की है। सडकें गड्डों में तब्दील हो चुकी हैं तथा सीवर का गन्दा पानी लोगों के घरों में घुस रहा है, जिससे आने वाले समय में गम्भीर बीमारियों का खतरा बना हुआ है तथा देहरादून महानगर के आम आदमी का जीना मुहाल हो चुका है।

नवीन जोशी ने कांग्रेस पार्टी की नीतियों को आम जनता के सामने रखते हुए आगामी नगर निगम चुनाव में जनता का साथ देने की अपील करते हुए कांग्रेस पार्टी की ओर से जन समस्यास्याओं के त्वरित निवारण का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के शासन में देहरादून महानगर में कई सडकों का जाल बिछा, जनहित की योजनाओं पर काम हुआ परन्तु जब से महानगर के नगर निगम की डोर भाजपा ने पकडी है तब से शहर का बुरा हाल है। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव में मेयर एवं निगम बोर्ड बनने पर जनता की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान कर देहरादून महानगर को सही मायनों में स्मार्ट सिटी बनाया जायेगा। उन्होंने क्षेत्रीय जनता से कांग्रेस के साथ जुडने की अपील की।

इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री अनिल नेगी, प्रदेश प्रवक्ता आशीष नौटियाल, गिरिराज किशोर हिंदवान सहित क्षेत्र के कांग्रेसजन एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *