News Galaxy

देहरादून में लगातार हो रही हत्या से खौफ का माहौल…जिम से लौट रहे विक्रम शर्मा की हत्या…

देहरादून। राजधानी देहरादून में दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज हत्या ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था और अपराध जगत की गतिविधियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रही हत्याओं से राजधानी में डर का माहौल है। आज सुबह जिम से नीचे उतरते समय अज्ञात हमलावरों ने विक्रम शर्मा नामक व्यक्ति पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल शर्मा को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना सुबह लगभग सवा दस बजे के बीच पुलिस को मिली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो अज्ञात हमलावरों ने हमला किया और मौके से बाईक से फरार हो गए। पुलिस ने तुरंत इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।

अजय सिंह, एसएसपी देहरादून के अनुसार प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान विक्रम शर्मा के रूप में हुई है जो झारखंड का रहनेवाला था। विक्रम शर्मा उत्तराखंड में खनन और प्रॉपर्टी के कारोबार से जुड़ा था। पुलिस जांच में सामने आया है कि उन पर झारखंड में 50 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। झारखंड पुलिस से संपर्क करने पर जानकारी मिली कि इन मामलों में हत्या जैसे गंभीर अपराध भी शामिल हैं और उनका संबंध झारखंड के आपराधिक गिरोहों से रहा है।

पुलिस गैंगवार, आपसी रंजिश या किसी पुराने विवाद की संभावना को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जब किसी व्यक्ति पर इतने अधिक आपराधिक मामले दर्ज हों, तो रंजिश या गिरोहबाजी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। इसी एंगल से विभिन्न टीमों का गठन कर जांच आगे बढ़ा रही है।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज से अहम तकनीकी साक्ष्य मिलने की खबर है और संदिग्धों की तलाश में दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच के बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *